0 रामलला मंदिर में झूला महोत्सव का आनंद लेने उमड़ रही है भीड़
कोंच-उरई। स्वाधीनता आंदोलन के संचालन का प्रमुख केन्द्र रहे ऐतिहासिक रामलला मंदिर में सावन मासांत तक जारी रहने वाले झूला महोत्सव में दशम दिवस शास्त्रीय संगीत के विभिन्न आयामों और राग-रागिनियों के साथ सुगम संगीत की अनूठी रसधार बही कि श्रोता समुदाय आनंद में भर गया। बीती रात स्थानीय और बाहरी संगीत बिशेषज्ञों ने अपनी मनभावन प्रस्तुतियों से भगवान रामलला को रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
महारानी लक्ष्मीबाई के गुरुद्वारे रामलला मंदिर में एकादश गद्दीधर महंत रघुनाथदास के सानिध्य में आयोजित झूला महोत्सव कार्यक्रम में बीती रात गिरिजानंद बेलमा झांसी ने राग मियां मल्हार धु्रपद चार ताल में गाया चमकत घनश्याम बीज सावन तीज रीझ रीझ हिंडोले झूलत श्री नवल लाल..। हरीशरण सोनी दबोह दतिया ने राग वृंदावनी सारंग बड़ा खयाल एक ताल में गाया कासे कहूं जिया की बात सजनी..। हरीशकुमार याज्ञिक ने राग यमन तीन ताल में ये री आली पिया बिन.. की कर्णप्रिय प्रस्तुति दी। शास्त्रीय संगीत मंझी हुई जानकार आयुषी खरे ने रागेश्री तीन ताल में अपनी प्रस्तुति सांझ भई घर जात कन्हैया मनमोहन मुरली के बजैया.. से माहौल को खुशगवार बना दिया। कु. हर्षिता ने एक राधा एक मीरा, दोनों ने श्याम को चाहा.. और कु. तेजस्विनी शर्मा ने अपनी प्रस्तुति देते हुये सांवरी सूरत पे मोहना मेरा दिल दीवाना हो गया.. गाया। कुं. नैन्सी स्वर्णकार ने राग बहार तीन ताल में कैसी निकसी चांदनी ऋतु बसंत का देत संदेसवा.. गाकर खूब तालियां बटोरीं। नरोत्तम स्वर्णकार की प्रस्तुति झूला झूलत रामलला.. तथा कुंती तिवारी की प्रस्तुति सज धज राधा झूलन लागी.. काफी सराहनीय रही। वीरेन्द्र त्रिपाठी के गाये भजन जाकी रामलला ने राखी बिगर न पाई ताकी.. को श्रोताओं ने जमकर सराहा। शिवशंकर त्रिपाठी ने गाया, राम नाम सुमिर ले प्राणी..। विनोद पांडे ने अपनी प्रस्तुति मैया मेरा व्याह करा दे मनमाने में.. देकर तालियां बटोरी। कु. तनिश पाठक ने श्याम पिया मेरी रंग दे चुनरिया.. गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। शंभू पटेल, छक्कीलाल, बाबा मंगलदास, अजमेरसिंह, नागा मोहनदास आदि की प्रस्तुतियां भी काफी सशक्त रहीं। संचालन रामकृष्णसिंह परिहार ने किया। तबले पर मथुराप्रसाद, महेश तथा हारमोनियम पर प्रमोद बब्बा, हरीश याज्ञिक संगत कर रहे थे।







Leave a Reply