0 सबसे ज्यादा शिकायतें आपूर्ति विभाग से संबंधित
0 लंबित आधा दर्जन प्रार्थना पत्रों को लेकर कसे विभागों के पेंच
कोंच-उरई। कोंच में निपटे आज के तहसील दिवस में हालांकि भीड़ सैकड़ों की दिखी लेकिन लिखापढी में कुल जमा 42 फरियादों के दर्ज होने से एक बात तो समझ में आ ही गई कि तमाम शिकायतों को बिना दर्ज कराये ही अधिकारियों ने ऊपर ही ऊपर लपक लिया ताकि उनकी खाल नुचने से बच सके। कोंच में आज तहसील स्तरीय तहसील दिवस के आयोजन में अचानक ही सीडीओ के पहुंच जाने से अधिकारियों में खलबली मच गई। सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा है कि गरीब जनता को तहसील दिवस के माध्यम से त्वरित न्याय मिल सके। पिछले तहसील दिवसों के लंबित आधा दर्जन प्रार्थना पत्रों को लेकर भी सीडीओ ने कसे विभागों के पेंच।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता एवं सीओ अवधेश कुमार शुक्ल की मौजूदगी में शुरू हुये तहसील दिवस के औचक निरीक्षण पर पहुंचे सीडीओ एसपी सिंह ने अधिकारियों को ताकीद की कि जो समस्यायें आईं हैं उनका समाधान पखवाड़े भीतर हर हाल में होकर उसे ऑनलाइन अपलोड हो जाना चाहिये। तहसील दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें खाद्यान्न वितरण सही ढंग से नहीं होने को लेकर आईं जिन्हें लेकर उन्होंने कहा कि मामलों की जांच कर पात्रों के नाम सूचियों में शामिल करायें और अपात्रों को चलता करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। खजुरी के ग्रामीणों ने चार साल से सफाई कर्मी नहीं होने के कारण गांव में फैलती गंदगी की समस्या उठाई। भदेवरा के ग्रामीणों ने कोटेदार द्वार खाद्य सामग्री नहीं वितरित किये जाने की शिकायत की। धमसेनी के अल्लूखां सहित आधा दर्जन ग्रामीणों ने कोटेदार द्वारा दबंगई से घटतौली करने की शिकायत की। उचित दर विक्रेता राममोहन अग्रवाल ने एक उपभोक्ता जुगलकिशोर की शिकायत करते हुये प्रार्थना पत्र दिया कि गलत तरीके से इन्होंने पात्र गृहस्थी का कार्ड बनवा कर सरकारी योजना को पलीता लगा रहे हैं। इस दौरान तहसीलदार भूपाल सिंह, वन क्षेत्राधिकारी वीके सिंह, बीडीओ कोंच प्रीति भसीन, नदीगांव अजितेश सिंह, कोतवाली से दरोगा विनोद त्रिपाठी, नदीगांव एसओ मिथलेश, एसडीओ हाइडिल कौशलेन्द्रसिंह, जेई अमित शर्मा, बीईओ कोंच अजितकुमार यादव, आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप, एडीओ समाज कल्याण वीरेन्द्रकुमार निरंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







Leave a Reply