konch2 konch3कोंच-उरई। भगवान शिव को समर्पित श्रावण मास के अंतिम सोमवार को नगर व क्षेत्र के शिवालयों में भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने भगवान भूतनाथ की नाना प्रकार से अर्चना कर उन्हें बेल, फूल और नैवेद्य चढाये। भोर से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिये श्रद्धालुओं का तांता लग गया था, जहां देखो वहां बोल बम की गूंज सुनाई दे रही थी। सर्राफा बाजार स्थित घंटाघर के शंकरजी मंदिर में रात भर चले जलाभिषेक के बाद सोमवार को विशाल भंडारे के आयोजन में हजारों भक्तों ने लंगर छका। विनायक विहार में पांच दिवसीय रुद्राभिषेक के बाद भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद छका। राजीव दीक्षित, अश्विनी दीक्षित, अनुरुद्ध मिश्रा, बबोचे पुरोहित, मनोज दूरवार, पप्पू शुक्ला आदि व्यवस्थाओं में लगे थे।
बाग बगीचों, मंदिरों और शिवालयों की नगरी कोंच में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को हर तरफ बम बम भोले की स्वर लहरियां सुनाई दे रही थीं। इसके अलावा नगर के बाहरी इलाकों में अवस्थित शिव मंदिरों झलेश्वर व पठेश्वर में भी श्रद्धालु जलाभिषेक के लिये पहुंचे। नगर के बीचों बीच स्थापित भूतेश्वर मंदिर पर अलस्सुबह से ही महिलाओं का तांता जलाभिषेक के लिये शुरू हो गया था जो दिन चढे तक जारी रहा और वहां भीड़ का आलम यह था कि तिल धरने को भी जगह नहीं थी। वहां भगवान भूतनाथ का नयनाभिराम श्रृंगार देखने को भीड़ उमड़ी थी। अनूपकुमार अग्रवाल, गोलू झा, अमित राठौर, रोहित, पिंकू, हरीशंकर, गुड्डू सर्राफ, अजय सोनी, अमन अग्रवाल, लकी बीड़ी बाले आदि व्यवस्थायें देख रहे थे। दीर्घायु के प्रदाता भगवान मारकण्डेश्वर महाराज के मंदिर में भी भक्त श्रद्घालु उनकी पूजा में लीन दिखे और बेलपत्र, पुष्प, आक, धतूरे से उन्हें प्रसन्न करने का उपक्रम करते देखे गये। नईबस्ती स्थित सिद्घेश्वर मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर में भी शिवभक्तों की भारी भीड़ रही और बोल बम के जयकारों के बीच भगवान आशुतोष की पूजा की गई। गुप्तेश्वर, बक्सेश्वर, पीपलेश्वर, यादवेश्वर आदि शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़ में महिलाओं की संख्या ज्यादा रही। कई शिवालयों में रूद्राभिषेक के कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। सर्राफा बाजार स्थित घंटाघर के शंकरजी मंदिर में रात भर चले जलाभिषेक के बाद सोमवार को विशाल भंडारे के आयोजन में हजारों भक्तों ने लंगर छका। योगेन्द्र अरूसिया एडवेकेट, सुरेश पालीवाल, गिरिजाशंकर, दीपक, बबलू, राज, अमित, नरेन्द्र, रामजी, ब्रजेश खिलाड़ी, सुरेश राठौर, धर्मेन्द्र राठौर, बबलू अग्रवाल, राजाराम अग्रवाल, रामनारायण राठौर, अरविंद, नीलेश अग्रवाल, ईलू, अनिल राठौर, बिष्णु इकडया, नीलू आदि सहयोग में लगे थे।

Leave a Reply