उरई। रामनगर स्थित संस्कृत महाविद्यालय में संस्कृत संगोष्ठी एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने महाविद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। सहायक निदेशक संस्कृत पाठशाला रविंद्र त्रिपाठी की भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के पहले चरण में व्यास क्षेत्र संस्कृत महाविद्यालय कालपी के नारायण दास अवस्थी और आदर्श संस्कृत महाविद्यालय उरई के रामलखन पाठक को मुख्य अतिथि द्वारा अंग वस्त्र पहनाकर और श्रीफल भेंट करके सम्मानित किया गया। पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष के छात्र मोहित चतुर्वेदी का भी सम्मान हुआ। आरपी निरंजन ने संस्कृत महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को उत्तम बताते हुए एमएलसी निधि से इंटर लाॅकिंग के लिए बजट देने की घोषणा की।
अतिथियों के अलावा महाविद्यालय के प्रबंधक और पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी, अध्यक्ष अवनीश द्विवेदी, प्रदीप माहेश्वरी, प्राचार्य जगप्रसाद चतुर्वेदी, शालिगराम शास्त्री, देवकीनंदन बुधौलिया, रामबालक व्यास, श्यामबाबू पाण्डेय, विनोद मिश्रा ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संस्कृत को ज्ञान का भंडार बताया और कहा कि सारे विश्व में नैतिक व्यवस्था की मजबूती का संदेश देव भाषा संस्कृत देती है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश संस्थान की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।







Leave a Reply