0 एसडीएम को ज्ञापन देकर नगर में व्याप्त समस्याओं पर खींचा प्रशासन का ध्यान
कोंच-उरई। विस चुनाव की आहट देख कर कांग्रेस को भी जनता तकलीफों में नजर आने लगी है, नगर में व्याप्त बिजली, सीवर और खाद्यान्न वितरण में धांधलियों के अलावा जर्जर सड़कों के कारण बाधित आवागमन को देखते हुये कांग्रेसियों ने आज नौ सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम गोरेलाल शुक्ला के मार्फत डीएम संदीप कौर को भेज कर इनके निराकरण की दिशा में प्रभावी कदम उठाये जाने की मांग की है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम की अगुवाई में दो दर्जन कांग्रेसियों ने आज तहसील में एसडीएम गोरेलाल शुक्ला से मुलाकात की और नगर में व्याप्त तमाम समस्याओं की ओर उनका ध्यान खींचा। उन्होंने डीएम को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन उन्हें दिया जिसमें शाम 8 से 10 बजे तक की बिजली कटौती समाप्त किये जाने को जनहित में आवश्यक बताते हुये विभाग को निर्देशित करने की मांग की गई। आज की सबसे ज्वलंत समस्या खाद्यान्न वितरण में आने वाली पेचीदगियों की ओर ध्यान खींचते हुये कहा गया कि नगर में इक्कीस उचित दर विक्रेताओं की दुकानें हैं जिनमें लगभग 1182 अंत्योदय कार्ड संबद्ध हैं। कार्डधारकों की इस संख्या में आश्चर्यजनक रूप से लगभग सात सैकड़ा कार्डधारक ऐसे हैं जो संपन्नता के सभी मानक पूरे करते हैं लेकिन गरीबों के हक पर डाका डालने जैसी स्थिति बनाये हैं, जबकि नगर में हजारों परिवार ऐसे हैं जिनकी हालत फाकाकशी की नौबत पर है लेकिन उन्हें शासन की इस योजना से बाहर रखा गया है। मामले की गहराई से जांच करा कर पात्रों को योजना में शामिल किये जाने की मांग की गई। कांग्रेस ने तो यहां तक आरोप लगाया है कि सरकार द्वारा खाद्य सुरक्षा योजनांतर्गत पात्र गृहस्थियों को मुफ्त राशन वितरण के जो निर्देश दिये हैं उनमें आपूर्ति विभाग और कोटेदार मिल कर बंदरबांट कर रहे हैं और सिर्फ बीस फीसदी लोगों को ही राशन सामग्री का वितरण किया जा रहा है और अस्सी प्रतिशत खाद्यान्न कालाबाजारी में जा रहा है।
कोंच-उरई तथा कोंच-एट की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी इस मांग पत्र में प्रमुखता से उठाया गया है जिसमें मांग की गई है कि जब तक इनके निर्माण की प्रक्रिया नहीं शुरू हो पाती है तब तक इन सड़कों के गड्ढे भरवा कर आवागमन लायक बनवाया जा सकता है। नगर में स्वच्छंद सुअर विचरण, बजबजाती सीवर लाइनें, अन्ना जानवरों की समस्यायें भी उठाते हुये इनके निराकरण की मांग की गई है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, सभासद राघवेन्द्र तिवारी, अनिल पटैरया, रवीन्द्र गौतम, नरेश दीक्षित, हाजी मोहम्मद अहमद, रामकिशोर पुरोहित, अजय बरार, मिजाजीलाल निरंजन, श्रीनारायण दीक्षित, अहमदखां, काजी जाहिद आदि मौजूद रहे।







Leave a Reply