31orai05उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में मारुति ओमिनी वैन पुलिया टूटी होने के कारण नहर में जा गिरी जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा। ग्रामीणों ने घटना के फौरन बाद नहर में कूंदकर वैन के भीतर बैठे तीनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
इटावा जिले के बसरेहर निवासी सतीश वर्मा दो और लोगों के साथ अपनी मारुति ओमिनी वैन यूपी 75 एक्स 4961 से जालौनी वाली माता के लिए जा रहे थे। शेखपुर अहीर और जरहाला के बीच 58 नंबंर नहर पुल से गाड़ी जैसे ही जालौनी वाली माता के मंदिर के रोड की ओर मुड़ी पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण वैन डांवाडोल हो गई जिससे चालक का काबू नही रह सका और वैन नहर में चली गई।
आसपास के ग्रामीणों ने जैसे ही वैन को नहर में गिरते देखा वे दौड़कर नहर में कंूद पड़े। उन्होंने सबसे पहले तीनों सवारियों को वैन के अंदर से निकाला। इसके बाद वे वैन को धकेलकर किनारे पर ले आये तांकि उसे नहर में बहने से रोका जा सके। सवारियों को मामूली चोटें आई हैं लेकिन घटना के बाद वे बुरी तरह दहशत में देखे जा रहे थे।
नितिन कुमार और उनके साथियों ने कई बार नहर विभाग के अभियंता से क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत के लिए संपर्क किया था लेकिन पुल-पुलियों की मरम्मत का बुंदेलखंड पैकेज से छप्पर फाड़कर बजट मिलने के बावजूद इसकी मरम्मत में कोताही बरती गई। ग्रामीण इसके कारण आज हुई दुर्घटना से बेहद आक्रोशित थे। उनका कहना था कि नहर विभाग कई बलियां चढ़ने के इंतजार में है लगता है बड़ी अनहोनी के बाद ही पुल ठीक कराने की कसम नहर विभाग ने खा रखी है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों का धैर्य टूट चुका है और इस घटना के बाद नहर विभाग के इंजीनियर पुल की मरम्मत होने के पहले उनके इलाके में दिख गये तो उनकी मरम्मत पहले ढंग से हो जायेगी।

Leave a comment