31orai04रामपुरा-उरई। थाना पुलिस ने खानाबदोशों के डेरे पर उतरी हुई शराब के देशी बार को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर तीन ड्रम लेहन पुलिस ने बहा दिये और तीस लीटर ताजा बनी शराब जब्त कर ली। पुलिस दबिश के दौरान डेरे के लोग भाग निकले लेकिन देशी बार के संचालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
रामपुरा के एसओ राजाभइया को खबर मिली थी कि निनावली रोड पर कस्बे का ही एक दबंग खानाबदोशों को बहकाकर जंगल में ताजा उतरी शराब का अघोषित बार चला रहा है। उन्होंने पूरे दलबल के साथ खानाबदोशों के चिन्हित डेरे पर अचानक दबिश दी तो पुलिस का भारी लाव-लश्कर देखकर भगदड़ मच गई। राजाभइया के साथ तीन दरोगा यशवीर सिंह, विश्राम सिंह और मोती लाल व जवान क्षिमेंद्र सिंह, प्रदीप तिवारी, मुकेश सैनी, राशिद खां और प्रदीप राठौर थे। महिला कांस्टेबिल शिखा यादव को भी वे साथ ले गये थे।
पुलिस ने तीन ड्रमों में भरे लगभग साढ़े छह सौ लीटर लेहन को पकड़ा जिसे मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा पुलिस ने 10 किलो गुड़ और तीन कटिटयों में भरी लगभग 30 लीटर ताजा उतरी शराब जब्त की। यह शराब डेरे पर आने वाले नशेलचियों को पन्नियों में भरभर कर दी जा रही थी। बाद में पुलिस ने बार संचालक कस्बा निवासी रामशंकर को भी दबोच लिया।

Leave a comment