कोंच। विगत दिवस कस्बे के घुसिया रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मरे नलकूप ऑपरेटर की पत्नी ने आज उक्त मौत को लेकर नया मोड़ पैदा कर दिया है। उसने अपने पति की हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुये कोतवाल को प्रार्थना पत्र दिया है जिस पर पुलिस ने जांच की बात कही है।
कस्बे की कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 18 के मकान संख्या 6 में सतोह गांव का पप्पू धोबी पुत्र कढोरे धोबी अपने परिवार सहित रहता था। जन्माष्टïमी का त्योहार करने उसकी पत्नी अपने मायके नागपुर गई हुई थी। पप्पू कॉलोनी की वाटर सप्लाई करने बाले नलकूप पर बतौर प्राइवेट ऑपरेटर काम करता था और 27 अगस्त रात में नलकूप की ही कोठी में सोया था। 29 को सुबह जब लोगों के घरों में पानी नहीं आया तो लोग नलकूप पर पहुंचे जहां देखा कि पप्पू कोठी के पिछवाड़े औंधे मुंह कीचड़ में मरा पड़ा है। पुलिस ने मामले को हादसा करार देते हुये मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया है। मायके लौट कर मृतक की पत्नी ने आज एक व्यक्ति पर उसके पति की हत्या का आरोप लगाते हुये पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है जिस पर कोतवाल मनवीर सिंह ने जांच की बात कही है।

Leave a comment