कोंच-उरई
। भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को मुफ्त कनैक्शन दिये जाने की कड़ी में दीवौलिया इंडेन गैस सर्विस ने 32 महिलाओं को गैस सिलिंडर, चूल्हा, रेग्युलेटर तथा कनैक्शन के कागजात बांटे। गैस कनैक्शन वितरण कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन ने इस मौके पर कहा कि केन्द्र सरकार ने इस योजना के द्वारा महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का जो प्रयास किया है वह वास्तव में स्तुत्य है, किचिन में खाना पकाते वक्त महिलाओं को बहुत कुछ भोगना पड़ता है और प्रदूषण युक्त वातावरण में वे अनचाहे ही बीमारियों को न्यौता देती आ रहीं थीं लेकिन अब वे प्रदूषण मुक्त वातावरण में काम कर सकेंगीं।
उन्होंने लाभार्थियों से यह भी कहा कि गैस उपयोग करने से पूर्व जरूरी सावधानियां बरतने की जरूरत है ताकि किसी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े। गैस वितरक एजेंसी की संचालक हृदयेश दीवौलिया ने आभार जताते हुये बताया कि सरकार की इस योजना के तहत देश के पांच करोड़ लोगों को मुफ्त में गैस कनैक्शन उपलब्ध कराये जाने हैं जिसकी शुरुआत हो गई है और इसे तीन साल तक चलने बाली सतत् प्रक्रिया में पूरा करना है। इस दौरान मौजूद बीडीओ कोंच प्रीति भसीन ने कहा कि गरीब महिलायें जिन्हें लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान निकलने बाली तमाम हानिकारक गैसों के कारण बीमारियों से दो चार होना पड़ता था, इस योजना में मिले गैस कनैक्शन से अब वे साफ सुथरे वातावरण में खाना बना सकेंगीं। इस योजना के फलीभूत होने के बाद अब जंगलों की अंधाधुंध कटान को रोक पाने में भी मदद मिलेगी। इस मौके पर आई एक गरीब विकलांग महिला अफसाना पत्नी दिलशाद निवासी आजाद नगर कोंच का नाम पात्रता सूची में नहीं होने के बाबजूद गैस एजेंसी ने अपनी ओर से एक गैस कनैक्शन बिल्कुल मुफ्त प्रदान कर सदाशयता का परिचय दिया। इस दौरान जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेन्द्र निरंजन छुन्ना, कृष्णकुमार द्विवेदी, गोलू शुक्ला, नरेन्द्र पांडे, अनिल द्विवेदी, नीलू शुक्ला, संतोष तिवारी, अरुण बंगाली, दिलीप झा, ग्राम पंचायत अधिकारी पुष्पेन्द्रसिंह आदि मौजूद रहे।






Leave a comment