0 38 साल बाद गांधी परिवार का कोई सदस्य आ रहा है कोंच
cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngकोंच-उरई। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की कोंच में 18 को मथुराप्रसाद महाविद्यालय में होने बाली खाट पंचायत का स्थान वही हैं जहां उनकी दादी इंदिरा गांधी आईं थीं। गांधी परिवार के किसी दूसरे सदस्य की यह यात्रा 38 साल बाद हो रही है। सत्ता से बेदखल होने के बाद अपने चुनावी सफर पर निकलीं इंदिरा गांधी ने हालांकि जनसभा तो एसआरपी इंटर कॉलेज में की थी लेकिन मथुराप्रसाद महाविद्यालय में उन्होंने छात्रसंघ का उद्घाटन कर छात्र शक्ति का उत्साहवर्द्धन करने का काम किया था।
कोंचवासियों के लिये यह दूसरा मौका है जब वे गांधी-नेहरू परिवार के किसी सदस्य से 18 सितंबर को मुखातिब होंगे। उस दिन यहां मथुराप्रसाद महाविद्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का दौरा है, वे यहां किसानों के साथ खाट सभा कर उनकी समस्यायें जानने और विस चुनाव के दृष्टिगत किसानों से नजदीकियां बढाने की कोशिश करेंगे। राहुल गांधी दूसरे ऐसे सख्श हैं जो गांधी परिवार से हैं और कोंच आ रहे हैं, वह भी ठीक उसी जगह जहां 38 वर्ष पूर्व उनकी दादी इंदिरा गांधी आई थीं। इमरजेंसी के बाद हुये आम चुनाव में सत्ता से बेदखल होने के बाद श्रीमती गांधी जन समर्थन जुटाने के लिये ताबड़तोड़ दौरे कर रहीं थीं और उनका कोंच दौरा बर्ष 1979 में लगा था जिसमें उन्होंने एसआरपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में जन सभा को संबोधित करने के बाद मथुराप्रसाद महाविद्यालय में उस वक्त के छात्र संघ अध्यक्ष विज्ञान विशारद सीरौठिया द्वारा संजोये गये छात्रसंघ उद्घाटन के कार्यक्रम में शिरकत कर छात्र राजनीति को उत्साहित करने का काम किया था। कहने को तो इंदिरा गांधी जैसी विशाल सख्शियत के लिये यह बहुत ही छोटा का कार्यक्रम था लेकिन उस पीढी के लोगों में वे एक अद्भुत रोमांच छोड़ जाने में कामयाब रहीं थीं। वर्तमान में पालिका चेयरपर्सन के प्रतिनिधि के रूप में नगर विकास को गति देने में लगे विज्ञान विशारद सीरौठिया अपनी यादें ताजा करते हुये बताते हैं कि इंदिरा जी ने जब उनके कंधे पर हाथ रखा तो उनका पूरा शरीर ही रोमांचित हो गया था। आज भी वह पल उनकी जिंदगी का सबसे यादगार पल है। बहरहाल, दो दिन बाद उसी गांधी परिवार के वारिस और इंदिरा गांधी के नवासे राहुल गांधी कोंच में अपनी खाट सभा उसी महाविद्यालय कैम्पस में करने आ रहे हैं। इस आगमन को लेकर महाविद्यालय परिवार भी काफी उत्सुक दिखाई दे रहा है।

Leave a comment