0 संगीत निशा में गूंजे देशभक्ति के गीत
konch7कोंच-उरई। नगर के बीचोंबीच पालिका कार्यालय के समीप अवस्थित ऐतिहासिक चंदेलकालीन सागर तालाब का भव्य लोकार्पण बीती देर शाम संपन्न हुआ। इस अनूठे और गरिमापूर्ण कार्यक्रम के गवाह बने सांसद भानुप्रताप वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन, एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी और नगर व क्षेत्र की हजारों जनता। पालिका द्वारा संयोजित इस कार्यक्रम में संगीत निशा ने भी एक आयाम जोड़ा और घंटों देशभक्ति के गीत सामयिक रूप से वातावरण में गूंजते रहे। पालिका सूत्रों के मुताबिक इस सुंदरीकरण में राज्य वित्त का तकरीबन एक करोड़ रुपया खर्च कर इसे सुंदरता प्रदान की गई है। हिंदू मुस्लिम एकता को पुख्ता करने के लिये एसपी ने हाजी हुसैन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कभी नगर पालिका चुनाव में प्रमुख चुनावी मुद्दा बने रहे कोंच के ऐतिहासिक चंदेलकालीन सागर तालाब का सुंदरीकरण मौजूदा पंचबर्षीय योजना में मूर्त रूप पाने में सफल रहा है। पालिका चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया ने इस मसले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर इसका जितना संभव हो सकता था, सुंदरीकरण करा कर इसके फिलहाल चुनावी मुद्दा बनने पर तो रोक लगा ही दी है। गुजरी देर शाम एक भव्य और गरिमापूर्ण समारोह सागर तट पर पालिका के तत्वाधान में आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता चेयरपर्सन विनीता सीरौठिया ने की जबकि मुख्य अतिथि सांसद भानुप्रताप वर्मा, एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, बिशिष्टड्ढ अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन निरंजन, उनके प्रतिनिधि देवेन्द्रसिंह निरंजन, पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया आदि रहे। इन अतिथियों ने फीता काट कर तालाब सुंदरीकरण का लोकार्पण किया और पालिका द्वारा कराये गये इस कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने तो यहां तक कहा कि पालिका ने वास्तव में सागर तालाब को सागर बना दिया। इससे पूर्व सभासदों राघवेन्द्र तिवारी, महावीर यादव, अनुराग गुप्ता, संजय सोनी, शकील मकरानी, विजय अवस्थी आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उरई से आई संगीत पार्टी ने देशभक्ति के गीतों से लोगों में जोश भरने का काम किया।

Leave a comment