उरई। मंगलवार को जिले की सभी तहसीलों में जन शिकायत शिविर तहसील दिवस के नाम से आयोजित किये गये। मुख्य तहसील दिवस माधौगढ़ में जिलाधिकारी संदीप कौर और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतने के कारण एक एक्सीयन के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई। जिला मुख्यालय पर आयोजित तहसील दिवस में 18 अधिकारियों का एक दिन का वेतन उनकी गैर हाजिरी की वजह से काट दिया गया।
राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी तहसील दिवस कार्यक्रम की साख अधिकारियों की अनदेखी की भेंट चढ़ रही है। जिलाधिकारी संदीप कौर ने माधौगढ़ में पिछले तहसील दिवस में मिली शिकायतों की प्रगति का जायजा लिया तो कोफ्त की वजह से वे झल्ला उठीं। ज्यादातर विभागाध्यक्षों ने शिकायतों के सटीक निस्तारण में दिलचस्पी दिखाने की बजाय टाल-मटोल का रवैया अपना रखा था। पिछले तहसील दिवस की महत्वपूर्ण शिकायतों को लंबित कर देने की वजह से उन्होंने लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय के अधिशाषी अभियंता जीपी ओझा का वेतन रोक दिया। अन्य विभागाध्यक्षों को भी चेतावनी दी कि अगर एक पखवारें में शिकायतें निस्तारित न की गई तो उन पर कठोर कार्रवाई होगी।
शिकायतों में माधौगढ़ कस्बे के बीच बाजार में गांधी चबूतरे पर बिजली ट्रांसफार्मर से सटी आतिशबाजी की दुकानों को लेकर चिंता जताने आये नागरिक मुख्य रहे। मस्जिद भी इस जगह से सटी है। जिसकी वजह से असलम, अयूब खां, नफीस, इरशाद खान, राशिद, रजाखान आदि अकीकदमंदों ने जिलाधिकारी से आतिशबाजी की इन दुकानों को कहीं और शिफ्ट कराकर दहशत दूर करने की अपील की। जिलाधिकारी ने गंभीरता से गौर करते हुए पुलिस को इन दुकानों को नगर के बाहर शिफ्ट कराने के निर्देश दिये लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि माधौगढ़ पुलिस ने जिलाधिकारी के निर्देश को भी अनसुना कर दिया। जिससे देर शाम तक दुकाने शिफ्ट कराने की कोई हलचल नजर नही आ सकी। यहां 120 शिकायतें आईं जिनमें से 20 का मौके पर निस्तारित हो सकी।
उधर जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षु आईएएस और प्रभारी सदर एसडीएम आलोक यादव की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ जिसमें अनुपस्थित रहने के कारण 18 अधिकारियों का वेतन रोक दिया गया। कार्रवाई की जद में आये लोगों में जल निगम के सहायक अभियंता हीरालाल, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सीपी सिंह, नलकूंप खंड द्वितीय के सहायक अभियंता खुशीराम, बेतवा नहर के सहायक अभियंता एसके त्रिपाठी, लिफ्ट सिचाई के जेई, लघु सिचाई के जेई, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डीसी अग्रवाल, मंडी सचिव पुष्पेंद्र वर्मा, रामगंगा के जेई आरसी यादव, एट एसओ बृजनेश कुमार, कोटरा एसओ एके सिंह, डकोर एसओ जाकिर हुसैन, एट मंडी के सचिव धर्मदास, सिविल ब्रिज काॅरपोरेशन के एई एसके यादव, आरईएस के जेई राकेश प्रजापति, लोक निर्माण विभाग के एई डीडी यादव और उरई के प्रभारी कोतवाल सुनील तिवारी शामिल हैं।







Leave a comment