कोंच-उरई। ग्राम तीतरा खलीलपुर में बीती रात्रि एक पचासी वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर गांव में तरह तरह की चर्चायें हैं और लोगों को शक है कि वृद्घ की हत्या की गई है, शक के घेरे में परिजन ही आ रहे हैं। गांव के चैकीदार की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि मौत स्वाभाविक है या हत्या।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तीतरा खलीलपुर निवासी छोटेलाल वर्मा (85) पुत्र स्वरूप वर्मा की बीती रात नौ बजे के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना गांव के चैकीदार ने कोतवाल मनवीर सिंह को दी जिस पर कोतवाल मनवीर सिंह, एसआई जयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले के बाबत जानकारी ली। सीओ एके शुक्ल भी बाद में मौके पर पहुंच गये थे। वहां ग्रामीणों में इस बात की चर्चा रही कि वृद्घ की हत्या की गई है और शक की सुई परिजनों पर ही घूम रही है। मृतक के पास दो बीघे जमीन थी जिसका बैनामा उसके बेटे लक्ष्मीनारायण ने अपने बेटे के नाम करा दिया था जिसे लेकर लक्ष्मीनारायण के अन्य चार भाइयों ने मुकदमा भी न्यायालय में दायर किया हुआ था। पुलिस ने चैकीदार की सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा है। गौरतलब यह है कि शाम के वक्त मृतक छोटेलाल खाना खाकर लेट गया था लेकिन सुबह जब उसकी बहू गंगादेवी पत्नी बंशीधर उसे चाय देने गई तो छोटेलाल जमीन पर मृत पड़ा पाया गया और उसके ऊपर तौलिया पड़ा था। जमीन की लिखापढी को लेकर गांव में पहले भी पंचायत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि इसी जमीनी विवाद में वृद्घ का काम निपटा दिया गया है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है तभी यह साफ हो सकेगा कि यह स्वाभाविक मौत है या हत्या।







Leave a comment