उरई। अग्रवाल समाज द्वारा शनिवार को सत्कार उत्सवगृह में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 11 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। नवविवाहितों को जेवरए गृहस्थी के सामान भी उपहार के तौर पर दिए गए।
विवाह के दौरान सभी रस्मों का निर्वाह किया गया। वर-वधुओं के परिजनों को इन रीति-रिवाजों के निर्वाह की जिम्मेदारी दी गई थी जबकि बाकी व्यवस्था समाज के लोगों ने संभाली। द्वारचार से लेकर भोजन तक का इंतजाम किया गया। श्री महाराज अग्रसेन सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में सपना-योगेश, सोनल-उमेश, पार्वती-अमित, माया-आनंद, रूपाली-दीपक, निधि-विनीत, शारदा-अंशु, पूजा-अनिल, संगीता-राममनोहर, सीमा-सत्यनारायण और सोनम-रेशू ने सात फेरे लेकर सदा एक-दूसरे का साथ निभाने का वचन दिया। वधुओं के माता-पिता भी इस आयोजन से काफी प्रफुल्लित दिखे। बेटी की विदाई से आंखें नम हो आईं परंतु अच्छे ढंग से हुए विवाह से उन्हें संतोष का अनुभव भी हुआ। नवदंपतियों को मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, नाक की कील, वाशिंग मशीन, फ्रिज, एलईडी, कूलर, पंखा समेत 50 से अधिक सामान उपहार स्वरूप भेंट किए गए। कुछ उपहार बच जाने पर तय किया गया कि किसी गरीब परिवार को यह दिए जाएंगे जिससे वह अपनी बेटी की शादी धूमधाम से कर सकें। केदारनाथ अग्रवालए विनय अग्रवाल, ओमप्रकाश राठ वाले, ओमप्रकाश गुरसरांय समेत अन्य लोगों ने नवविवाहितों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन गरीब परिवारों की मदद और दहेज रहित विवाह को बढ़ावा देने के लिए आगे भी कराए जाएंगे। नवयुवक मंडल के अध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल, प्रेमचंद्र अग्रवाल पिंटू ने कहा कि युवाओं की मेहनत से यह कार्यक्रम सफल हो सका है। आगे भी पूरी टीम ऐसे कार्यक्रमों में समर्पित रहेगी। इस मौके पर महेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, ज्ञानेंद्र अग्रवाल, द्वारिका प्रसाद, धीरेंद्र अग्रवाल, कृष्ण कुमार, राजेंद्र प्रसाद, मनोज समेत कई लोग मौजूद रहे।






Leave a comment