cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। फोरलेन पर स्थित उसरगांव की महिलाओं, बच्चों ने घर से निकलकर गांव में रैली निकाली व बस स्टैंड पर बने तीनों शराब के ठेकों पर तालाबंदी करके धरना दिया। एसडीएम के मौके पर पहुंचने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्राम प्रधान सीमा तिवारी के साथ रामरती, रेखा, सुनीता, रानी सहित सैकड़ों महिलाएं, बच्चे व पुरुष गांव के रामलीला मैदान में एकत्रित होकर जुलूस के रूप में राष्ट्रीय राजमार्ग बस स्टैंड पर पहुंचे। जहां पर तीन शराब ठेके संचालित होते हैं। भीड़ ने तीनों शराब के ठेकों पर तालाबंदी करके दुकानों के सामने धरना दिया। धरने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम संजय कुमार सिंह व कोतवाल सत्येंद्र राठौर ने महिलाओं व ग्रामीणों से बात की जिस पर ग्रामीणों का कहना है कि जब ठेका नहीं हटाये जायेंगे तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। इस पर दुकान संचालक ने कहा कि उनका 31 मार्च तक इस दुकान का अनुबंध है और उसे कोई दूसरी दुकान नहीं मिल रही है। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन शाम तक कोई नतीजा नहीं निकला।

Leave a comment