जालौन-उरई। नोटबंदी से परेशान सब्जी मंडी व्यापारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपते हुए बैंकों से व्यापारियों को 50 हजार रूपए की निकासी किए जाने के निर्देश दिए जाने की मांग की। ऐसा न होने की दशा में सब्जी मंडी के व्यापारियों ने अनिश्चित काल के लिए मंडी बंद करने की बात भी कही।
बागवान सेवा समिति के अध्यक्ष अशफाक राईन ने जिलाधिकारी संदीप कौर को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी एसपी यादव को सौंपते हुए बताया कि नोटबंदी के बाद से बैंकों द्वारा स्ब्जी मंडी के व्यापारियों को 2 हजार व 4 हजार रूपए की निकासी की जा रही है। जिसके चलते न केवल मंडी के व्यापारी परेशान हैं बल्कि व्यापारी किसानों को भी उनका भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, व्यापारी जब बैंक में रूपए निकालने के लिए जाता है, तो उसे 2 हजार का नोट थमा दिया जाता है। फुटकर रूपए न होने के चलते उसका भी कोई उपयोग नहीं हो पाता है। व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि बैंकों को व्यापारियों के लिए कम से कम 50 हजार रूपए की निकासी किए जाने के निर्देश दिए जाऐं। यदि ऐसा न हुआ तो सब्जी मंडी के व्यापरी अनिश्चित काल के लिए सब्जी मंडी बंद कर देंगे। ऐसे में यदि सब्जी के दाम बढ़ते हैं तो उसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a comment