उरई। रामपुरा विकास खण्ड के नावर मेें ग्राम पंचायत द्वारा बनवाई गई पुलिया घटिया कार्य की वजह से 3 माह में ही ध्वस्त हो गई। ग्रामीणों में इसे लेकर प्रधान के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो रहा है।
रामपुरा विकास खण्ड के अम्बेडकर ग्राम का दर्जा प्राप्त रहे नावर में ग्राम पंचायत द्वारा 3 माह पहले भारी भरकम लागत से पुलिया का निर्माण कराया गया था। लेकिन कमीशनखोरी के कारण घटिया मसाला इस्तेमाल किए जाने की वजह से यह पुलिया बेहद कमजोर साबित हुई और तीन माह में ही क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उक्त गांव के दबंग प्रधान कई और आरोपों से भी घिरे हैं। जिनमें सबसे गंभीर आरोप है प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब लाभार्थियों से उनके द्वारा 20 से 30 हजार रुपए तक की उगाही किया जाना। गांव के आरटीआइ कार्यकर्ता शिवराज सिंह ने प्रधान की पोल खोलने के लिए गत 29 मई को आवेदन देकर नवंबर 2015 से अप्रैल 2013 तक कार्याें का ब्यौरा मांगा था। लेकिन प्रधान के निर्देश पर सचिव रामकरन सिंह ने उन्हें 9780 रुपए संबंधित कागजातों के लिए जमा कराने को कहा, जो कि पूरी तरह नाजायज है। आखिर कुछ तो है जिसकी परदेदारी है।

Leave a comment