कोंच-उरई । श्री नवलकिशोर रामलीला समिति बजरिया कोंच के जारी महोत्सव में बीती रात रामलीला रंगमंच पर रामजन्म लीला का सफल मंचन किया गया। इसके माध्यम से आम जनमानस को यह जताने का प्रयास किया गया कि भगवान राम के अवतार का हेतु क्या है।

लीला के माध्यम से भगवान शंकर मां पार्वती को बताते हैं कि जगत पिता भगवान बिष्णु की इच्छा से ही उन नारद जिन्होंने काम को जीत कर कामजीत की उपाधि प्राप्त की, के मन में आसक्ति और विवाह की इच्छा जागृत हुई और इसकी परिणति में नारद ने भगवान बिष्णु को पत्नी वियोग का श्राप दिया तथा भगवान श्रीहरि ने राम के रूप में अयोध्या नरेश दशरथ के यहां पुत्र रूप में अवतार धारण कर पृथ्वी से अधर्म का नाश कर धर्म की स्थापना की। लीला के दौरान दर्शाया गया कि अहंकारी रावण के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी ने गोवेश में बैकुंठ जाकर भगवान बिष्णु से रावण के बढते अधर्म और अत्याचारों के बारे में बताते हुये उसका भार कम करने का निवेदन किया और भगवान बिष्णु ने अयोध्या में राजा दशरथ के यहां राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के रूप में अवतार धारण किया। मनु का अभिनय महावीर आचार्य, सतरूपा काजू पाटकार, रावण रामप्रकाश पाटकार, कुंभकर्ण नीलू शांडिल्य, बिभीषण रामू पटैरया, मेघनाद लला पटैरया, दशरथ नेमिचंद्र अग्रवाल, सुमंत्र अनिल अग्रवाल, मयदानव सीताराम नगरिया, बशिष्ठ पंकज वाजपेयी ने निभाये। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष शशांक श्रीवास्तव, मंत्री हिम्मत यादव, चंदन यादव, अभिनय विभाग के अध्यक्ष रमेश तिवारी, मंत्री हरीमोहन तिवारी, प्रमोद नगरिया, सुरेश यादव आदि व्यवस्थाओं में लगे रहे। कल 25 अक्टूवर को रात्रि ठीक आठ बजे जनक बाजार-पुष्प वाटिका लीला का मंचन किया जायेगा।

 

Leave a comment