माधौगढ़( उरई )। जनपद की सबसे बड़ी बीहड़ पट्टी व पांचवीं तहसील का पदभार संभालते ही उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार ने सफाई अभियान की शुरूआत अपने ही कार्यालय परिसर से शुरू कराते हुये इस बात के संकेत दे दिये हैं कि उनके रहते सफाई व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जायेगा।
18 अक्टूबर को उप जिलाधिकारी माधौगढ़ का कार्यभार संभालने के बाद कुछ दिनों तक उन्होंने क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर समस्याओं को समझा और फिर अपने ही कार्यालय परिसर में व्याप्त गंदगी को साफ कराने का अभियान शुरू किया। स्वच्छता के बारे में बातचीत के दौरान नवागंतुक उप जिलाधिकारी का कहना था कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। ऐसे में हम सभी अधिकारियों का फर्ज बनता है कि वह सबसे पहले अपने कार्यालय के साथ-साथ समूचे परिसर की सफाई कराना सुनिश्चित करें। इसी मंशा से उन्होंने भी सबसे पहले अपने कार्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया। ताकि आने वाले समय में स्वच्छता का अभियान दूर दराज के गांवों तक पहुंचाया जा सके और गांवों को भी स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अनुरोध किया कि वह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा को सफल बनाने में सहयोग कर स्वच्छता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचायें।







Leave a comment