कोंच-उरई । बीती शाम लडक़ा देखने के बहाने आये एक व्यक्ति को रात घर में गुजारने देने का खामियाजा तकरीबन एक लाख के माल को गंवा कर भुगतना पड़ा है।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चमरसेना निवासी रिटायर्ड बीएसएफ जवान हरीप्रसाद पुत्र मुनूसिंह परिहार का बेटा अशोक दिल्ली में रह कर रोजगार कमाता है। अशोक का एक बेटा आशीष शादी लायक है। बीते कल एक अपरिचित व्यक्ति जिसने अपना नाम रामकुमार पुत्र जगदीश निवासी वीरपुरा बताया, चमरसेना में हरीप्रसाद के घर पहुंचा और कहा कि वह उसके नाती के साथ्ज्ञ अपनी बेटी के रिश्ते की बात करने आया है। हरीप्रसाद ने उसकी खूब आवभगत की तब तक बातों बातों में दिन ढल चुका था। उक्त कथित रामकुमार ने कहा कि अब रात में वह उन्हीं के घर रुक जाता है, सुबह होते ही चला जायेगा। चूंकि रिश्ते की बात करने वह आया था इसलिये हरीप्रसाद ने उसे रात में घर पर ही रुकने की इजाजत दे दी। सुबह जब हरीप्रसाद की आंख खुली तो उसके पैरों के नीचे की जमीन निकल गई क्योंकि तथाकथित रिश्तेदार गायब था और घर में रखा कीमती माल असबाब भी गायब था। हरीप्रसाद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि घर में रखे 22 हजार रुपये, सोने की अंगूठी और जंजीर पर वह हाथ साफ कर गया था।

 

Leave a comment