उरई। पेयजल संकट का सामना कर रहे महिलाओं बच्चों ने गुरुवार को जलसंस्थान के अधिशाषी अभियंता के कार्यालय पहुंचकर पेयजल संकट के समाधान की मांग उठाई।
जिला मुख्यालय उरई के मोहल्ला राजेन्द्र नगर, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत के आगे वाली बस्ती निवासी शिवानी, दुर्जी, राजकुमार वर्मा, सुनीता, गीता, नीलेश, अमरवती, हीराबाई, क्रांति, रचना, सुशीला, राजाबेटी, कलावती, राजकुमारी, बाबूराम पाल, महेश मास्टर, कैलाश पाल, भरत सिंह, नंदराम, ईश्वरदास, घासीराम, बाबूराम, ओमकार, जगत बाबा, कैलाश आदि ने आज जलसंस्थान कार्यालय पहुंचकर अधिशाषी अभियंता का घेराव किया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रार्थना अधिशाषी अभियंता को सौपा जिसमें कहा गया है कि मोहल्ला राजेन्द्र नगर वन विभाग के पीछे वाले मोहल्ले के लोगों को पानी की विकट समस्या का सामना करना पड़ रहा है जिसके कारण पानी को लेकर आये दिन विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। मोहल्ले में एक नल सत्तर मीटर की दूरी पर है और उसी एक नल पर पूरा मोहल्ला निर्भर है। कहने को तो मोहल्ले में एक और हैंडपंप है जो पिछले दो वर्षो से खराब पड़ा हुआ है जिसका रिबोर कराने की मांग को लेकर कई बार प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नही हुई। उन्होंने अधिशाषी अभियंता से मांग की है कि जलसंस्थान की पाइप लाइन का विस्तार कर इस मोहल्ले को भी नलकूप से पानी उपलब्ध कराया जाए या फिर कम से कम दो हैंडपंप और लगाये जायें।ें

Leave a comment