
उरई| अवैध रूप से बालू निकलवा रहे दबंगो ने दुस्साहस की पराकाष्ठा कर दी । चौकी इंचार्ज को पटक कर मारा ,सिपाही को गाड़ी के नीचे कुचलने की कोशिश की। बाद में औरैया के भाजयुमो के उपाध्यक्ष और उसके भाई सहित तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। एक सफारी गाड़ी और लाइसेंसी रिवाल्वर भी जब्त की गई है।

शुक्रवार को तड़के एसओ कुठौंद प्रमोद कुमार को किसी ने भदेख के रास्ते आधा दर्जन बालू से भरे ट्रक औरैया ले जाये जाने की सूचना दी। इस पर थानाध्यक्ष ने शंकरपुर चौकी इंचार्ज कमल प्रताप को कार्रवाई के लिये फोन कर दिया । चौकी इंचार्ज जब तक पहुचे तब तक मोबाइल बैरीकेड हटाकर ट्रक निकाले जा चुके थे। ट्रको को एक सफारी में बैठे लोग एस्कोर्ट कर रहे थे। इस बीच सफारी में बैठे एक युवक का मोबाइल ट्रक निकालते समय स्लिप होकर नीचे गिर गया । जिसे उठाने के लिये वह सफारी रुकवाकर पीछे आया। चौकी इंचार्ज ने उसे देख लिया और लपककर उन्होंने जा दबोचा। यह देखकर सफारी में बैठे लोग हमलावर हो गये ओर उन्होंने दौड़ कर चौकी इंचार्ज को पटक दिया। सिपाही अजीत भदौरिया ने उलझने की कोशिश की तो उसे गाड़ी के नीचे कुचलने का प्रयास किया गया। बाद में खबर पाकर डायल100 की गाड़ियां और थाने से अतिरिक्त फोर्स आ गया। तब चौकी इंचार्ज को छुड़ाया जा सका। इस दौरान हमलावरों में शामिल दो तीन असलहाधारी खिसक गये। हालांकि पुलिस फरार हुये लोगो के पास असलहा होने से इनकार कर रही है। सिरसाकलार थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन भी हमराह फोर्स के साथ मौके पर आ गये। पकड़ में आये तीन लोगों को सफारी समेत कुठौंद थाने लाया गया। इनमे औरैया जनपद की भाजापा की युवा विंग के उपाध्यक्ष विशाल शुक्ला, उसका भाई चंद्रभूषण शुक्ला और चंदन तिवारी शामिल है। विशाल शुक्ला के पास से मिली उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी जब्त कर ली गई है।
पैरोकारी के लिये थाने में भाजपाइयों का जमघट
खबर फैलने के बाद हमलावरों की पैरवी के लिये कुठौंद थाने में औरैया और क्षेत्र के भाजपा नेताओं का जमघट लग गया। कई जनप्रतिनिधियों ने भी हमलावरों को छुड़वाने के लिये थाने में फोन किये। जानकारों का कहना है कि बालू के अवैध व्यापार में सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओ की भी पत्ती रहती है। जिसकी वजह से वे पुलिस पर दबाब वनाने का कोई मौका वे नही चूकते।






Leave a comment