कोंच-उरई । पशुपालकों के लिये जहां यह बुरी खबर हो सकती है वहीं किसानों के लिये खुशखबरी हो सकती है, प्रशासन ने अन्न पशुओं को खूंटों से बांधने के लिये लेखपालों को कड़े निर्देश देकर कहा है कि गांव गांव मुनादी करा दें कि जिन पशुपालकों के मवेशी अन्ना विचर रहे हैं वे उन्हें अपने खूंटों से बांध लें अन्यथा दंड भुगतने के लिये तैयार रहें। एसडीएम सुरेश सोनी ने कहा है कि सरकार इस मामले में सख्त है और निर्देश हुये हैं कि अन्ना जानवरों को उनके खूंटों पर भेजने के लिये तुरंत कार्यवाही की जाये। तहसीलदार भूपाल सिंह ने लेखपालों को निर्देश दिये हैं कि जिन सर्किलों में उनके तबादले किये गये हैं वे वहां कल तक अपने चार्ज जरूर ग्रहण कर लें।

तहसील सभागार में शुक्रवार को एसडीएम सुरेश सोनी की अध्यक्षता एवं तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में लेखपालों की बैठक संपन्न हुई। अधिकारियों ने उन्हें निर्देश दिये कि खतौनी में अंश निर्धारण का काम तुरंत पूरा करें। इसके अलावा आम आदमी बीमा योजना और संपत्ति रजिस्टर कंपलीट करें। एंटी भूमाफिया को लेकर भी उन्होंने जरूरी निर्देश देते हुये कहा कि शासन के निर्देश के मुताबिक माफियाओं को चिन्हित करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें। संपूर्ण समाधान दिवस तथा आईजीआरएस के लंबित मामलों को भी शीघ्र निपटाने के निर्देश दिये गये। इस दौरान रानि विकासकुमार, रानि राजेन्द्र दूरवार, आरके अशोककुमार, लेखपाल प्रेमनारायण मिश्रा, बलराम, नरेन्द्रसिंह, राजेन्द्र वर्मा, काशीप्रसाद, सुरेश खरे, बालकृष्ण, सुरेन्द्रसिंह, प्रदीपकुमार, रामदास, प्रेमकिशोर, केशकुमार, रामकुमार आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment