उरई। नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) की उरई शाखा का त्रिवार्षिक चुनाव आज चुनाव अधिकारी मनमोहन दुबे एवं वीएस कंसाना की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने इस बात को लेकर विरोध किया कि यह चुनाव गुपचुप कराया जा रहा है। उन्हें नोटिफिकेशन के बारे में जानकारी नहीं दी गई। जिसकी वजह से वह चुनाव में नामांकन नहीं कर सके। यही नहीं बिना बूथ बनाए ही चुनाव कराया जा रहा है।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि इस शाखा में कुल 1275 कर्मचारी सदस्य है। जिनके 20 अक्टूबर तक नामांकन मांगे गए थे लेकिन किसी कर्मचारी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। जिसकी वजह से आज सर्वसम्मति से कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर अशोक कुमार गुप्ता जूही, उपाध्यक्ष ओपी वर्मा चिरगांव, वीके खरे उरई, वीके श्रीवास्तव जूही, शाखा मंत्री केके त्रिपाठी, संयुक्त शाखा मंत्री विजय कुमार, सहायक शाखा मंत्री आरके शाक्या, आरके मीना, दीपक राजपूत तथा कोषाध्यक्ष जीएस निरंजन को बनाया गया। अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष व एक सहायक शाखा मंत्री का पद रिक्त रह गया। इसके अलावा यूथ अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा, सचिव रामशंकर यादव, महिला अध्यक्ष शंकुतला परसैनिया, शाखा संयोजक हरीकृष्ण, संगठन मंत्री एके भारती व वेदप्रकाश को बनाया गया। इसके अलावा एसके कुरील, एमएस यादव, को सीसीएम मेंबर तथा रामचंद्र, पीके सचान, विंदा प्रसाद, एमके वर्मा, हरभजन सिंह, त्रिभुवन सिंह को एजीएम मेंबर बनाया गया।
इस चुनाव को लेकर महिला कर्मचारी शिवकली तथा हरकिशन ने सवाल उठाते हुए कहा कि वे यूनियन की सक्रिय पदाधिकारी है। लेकिन उन्हें चुनाव नोटिफिकेशन की जानकारी नहीं दी गई। यही नहीं चुनाव तो कराया जा रहा था लेकिन कहीं बूथ नहीं बनाया गया था। इससे यह तय था कि सभी पदाधिकारी पहले से तय थे। कुछ कर्मचारियों ने दबी जुबान से भी इसे स्वीकार किया।

Leave a comment