
कोंच-उरई । विगत माह कैलिया थाने के ग्राम भेंपता में वहां के प्रधान के घर में हुई दुस्साहसिक चोरी जिसमें गृह स्वामी का लाखों का माल पार हुआ था, की जांच करने आज जिले के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ तिवारी गांव पहुंचे और गहन पड़ताल की। एएसपी की यह जांच ग्राम प्रधान की ऊपर स्तर पर की गई शिकायत के परिप्रेक्ष्य में मानी जा रही है। प्रधान का आरोप है कि चोरी के खुलासे के मामले में कैलिया पुलिस लीपापोती कर रही है।
गुजरे अगस्त माह की 27/28 की रात कैलिया थाने के ग्राम भेंपता में ग्राम प्रधान शिवराज सिंह पुत्र गोविंदनाथ पटेल के घर में घुस कर चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से तकरीबन नौ लाख के नकदी जेबर पर झाड़ू फेरी थी। इस मामले में शुरुआती जांच के दौरान 8 सितंबर को सीओ की अगुवाई में गई थाना पुलिस की टीम ने कुछ माल भी हन्ने पुत्र कृपाराम के मवेशी बाड़े से भूसे में दबा हुआ बरामद किया था। नामजद तहरीर भी दी गई थी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया था। इसके बाद से यह मामला ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। इस बाबत प्रधान का कहना है कि कैलिया पुलिस मामले को लंबा खींच रही है और लीलापोती करने की फिराक में है। ग्राम प्रधान ने थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुये मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। उसी शिकायत को लेकर आज एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी व सीओ रुक्मिणी वर्मा भेंपता गांव पहुंचे तथा प्रधान एवं उस बाड़े के मालिक के घरों में जाकर व्यापक पड़ताल की है। एएसपी ने थाना पुलिस को शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर चोरों को सलाखों के पीछे भेजने के कड़े निर्देश दिये हैं।






Leave a comment