उरई। सहकारी बैंके के मैनेजर और ट्रैक्टर एजेंसी होल्डर की जालसाजी से एक अनपढ़ किसान के खाते से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये फर्जी तरीके से निकाल लिए गये। शिकायत होने पर जब जांच में मामला सही पाया गया तो चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूट दस्तावेज रचना में मुकदमा लिख लिया गया।
थाना कदौरा के ग्राम कानाखेड़ा निवासी मइयादीन ने 19 अगस्त को इस मामले में सहायक आयुक्त सहकारिता को लिखित शिकायत भेजी थी कि कदौरा के सहकारी बैंक प्रबंधक अनिल तिवारी स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के स्थानीय डीलर रामस्वरूप उनके एजेंट संजीव कुमार बबीना और जमानतदार उवैश ने उसके नाम के फर्जी कागज बनाकर ट्रैक्टर खरीद के नाम पर 3 लाख 49 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इसकी जांच करने के बाद मामला सही निकलने पर अपर जिला सहकारी अधिकारी हरदास यादव ने उक्त चारों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a comment