उरई। नगर पालिका चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के मामले में भारतीय जनता पार्टी के अंदर जबर्दस्त उथल-पुथल चल रही है। जिसकी वजह से अफवाहों का बाजार गर्म है। सबसे ज्यादा घमासान जिला मुख्यालय की उरई नगर पालिका सीट के लिए है। जहां हर घंटे एक अलग प्रत्याशी का नाम अटकलबाजी में सबसे आगे कर दिया जाता है। कानपुर में आज शाम इसे लेकर क्षेत्रीय संगठन कार्यालय में बैठक हुई लेकिन काफी देर मत्थापच्ची के बाद भी अंतिम निर्णय नही लिया जा सका।
जिन नामों को अफवाहों के बाजार में सबसे ऊपर स्थान मिल रहा है उनमें उर्विजा दीक्षित, शैलेंद्र पांडेय, मनीष अग्रवाल काजू, अवध शर्मा बब्बा, हरिकिशोर गुप्ता रिप्पू, भगवती तिवारी शामिल हैं। मनीष अग्रवाल काजू के बारे में दो दिन से कहा जा रहा है कि अयोध्या के महंत नृत्य गोपाल दास महाराज ने उनके नाम के आगे वीटो लगा दिया है जिससे सभी दावेदारों के नाम अपने आप खारिज हो गये हैं लेकिन कोई इसकी पुष्टि नही कर रहा। दूसरी ओर उक्त सभी दावेदार भी पूरी तरह आश्वस्त हैं। जबकि पहले सबसे आगे बताये जा रहे अनिल बहुगुणा और डाॅ. दिलीप गुप्ता के बारे में अब कहा जाने लगा है कि जीएसटी पर सरकार विरोधी आंदोलन में भागीदारी करने की वजह से उनका पत्ता साफ कर दिया गया है। लेकिन भाजपा के ही एक जानकार ने कहा कि पार्टी जिस उम्मीदवार का नाम कर रही होती है उसके विरोध में दबाव बनाने वालों को चकमा देने के लिए यह बात फैला दी जाती है कि उसका नाम तो खारिज हो गया है। वास्तविकता तो यह है कि अभी किसी का नाम खारिज नही हुआ है।
उधर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के रणनीतिकार भाजपा की सूची का इंतजार कर रहे हैं इसके बाद ही वे अपने उम्मीदवार की घोषणा करेगें। दलगत प्रत्याशियों में अभी केवल बसपा की घोषणा सामने आई है।

Leave a comment