उरई। ब्लाॅक स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण में रुचि न लेने की वजह से जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को एक परिपत्र जारी कर लताड़ा और उनसे तिथि तय करके ब्लाॅक स्तर की समस्या को अविलंब निस्तारित करने के लिए कहा।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने गत् दिनों जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश कुमार शाही से भेंट करके उन्हें खंड शिक्षाधिकारियों के स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित रखे गये मामलों की जानकारी दी। जिसके बाद बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को एक कड़ा पत्र जारी किया और उन्हें हिदायत दी कि वे प्रत्येक महीने की 9 व 24 तारीख को शिक्षक प्रतिनिधियों से बात करके अपने स्तर की समस्याओं का तत्काल निदान करें। अगर उक्त दिवसों में अवकाश है तो अगले कार्य दिवस में शैक्षिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन कर लिया जाये। यह जानकारी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रवक्ता बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दी।

Leave a comment