उरई। एट थाना क्षेत्र के इंगुई खुर्द में बुधवार को पूरे दिन लोगों में मगरमच्छों के कारण सिहरन फैली रही । गाँव के बड़े तालाब में से निकले तीन मगरमच्छों ने ग्रामीणों की आधा दर्जन बकरियाँ निगल ली जिससे जन जीवन में आतंक व्याप्त हो गया । काफी देर तक बदहवासी का आलम बना रहा । आखिर में मगरमच्छ खुद ही तालाब में वापस चले गए तब ग्रामीणों की जान में जान आई ।

बताया जाता है कि यह बेतवा नहर का हेड इलाक़ा है जिसकी वजह से काफी चौड़ी नहर होने के चलते यहाँ के तालाबों में मगरमच्छ आ जाते हैं । कुछ दिनों पहले इंगुई कलां के भी तालाब में से मगरमच्छ निकल आने के कारण अफ़रा तफ़री मची रही थी । इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई थी । वन विभाग इस मामले में लापरवाही का रवैया अपनाये हुए है जिससे ग्रामीणों को भय के साये में रहना पड़ रहा है ।

Leave a comment