
उरई। एट थाना क्षेत्र के ग्राम ईंगुई खुर्द में लोग मगरमच्छों के आतंक से हलकान हैं। मंगलवार को गांव के तालाब से निकलकर मगरमच्छ का एक बच्चा चहलकदमी करने लगा जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। खबर पाकर पहुंची वन विभाग की प्रशिक्षित टीम ने मगरमच्छ के बच्चे को काफी प्रयास के बाद पकड़वाकर बेतवा नदी में छुड़वा दिया।
उक्त ग्राम बेतवा नहर के टेल पर है। जिसकी वजह से गांव के तालाब में नहर के पानी के साथ मगरमच्छ आ जाते हैं। कई बार मगरमच्छ बकरी आदि जानवरों को निगल गये। जिससे पूरे गांव में दहशत फैली रही। इन मगरमच्छों पर काबू पाना प्रशासन और वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। आज ईंगुई खुर्द के तालाब से मगरमच्छ का एक बच्चा फिर निकलने पर जनजीवन में सिहरन दौड़ गई। गांव वालों की सूचना पर बाद में वन दरोगा जावेद सगीर और करन यादव टीम लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ के बच्चे को पकड़ लिया। जिसे बाद में वापस बेतवा नदी में छुड़वा दिया गया है।




Leave a comment