उरई। जिला अस्पताल के पास मंगलवार को स्कूटी से मामूली भिडंत हो जाने पर वर्दी के नशे में चूर पुलिस के सिपाही ने मोटर साइकिल चालक को क्रूरता से थप्पड़ मारे जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। पीड़ित पुलिस कार्यालय में एडीएसपी से अपनी दशा दिखाकर शिकायत करने पहुंचा। एडीशनल एसपी ने सीओ सिटी को जांच सौंप दी।
इंदिरा नगर निवासी रामनरेश मंगलवार को सुबह मंशापूर्ण हनुमान के मंदिर में दर्शन करके पत्नी व बच्चों के साथ घर लौट रहे थे। अस्पताल के सामने सिपाही दीपक गौतम की स्कूटी से उनकी मोटर साइकिल मामूली टकरा गई। जिससे दीपक गौतम का पारा इतना गर्म हो गया। कि उसने तड़ातड़ रामनरेश के गाल में चांटें मारने शुरू कर दिये। बेहरमी से उसके द्वारा हाथ चलाने के कारण रामनरेश के गाल सूज गये और कान का पर्दा फट गया।
गौरतलब है कि सिपाही दीपक पहले से ही काफी विवादित है। फैक्ट्री एरिया में इसके द्वारा लड़का-लड़की को बेहूदेपन से खदेड़े जाने के कारण हादसा हो गया था जिसमें लड़के को जान गंवानी पड़ी थी। इसके कारण यह मामला पुलिस अधिकारियों की गले की हडडी बन गया था। इसके बाद एक फैक्ट्री मालिक से धमकी देकर एक लाख रुपये की उगाही करने के मामले में इसे कुछ ही दिन पहले लाइन हाजिर किया गया था। फिर भी इस सिपाही के करम नही सुधर सके हैं। देखना है कि रामनरेश की पाशविक पिटाई के मामले में अधिकारी इसके खिलाफ क्या एक्शन लेते हैं।







Leave a comment