उरई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को गैस और बिजली कनेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराये जायेगें। आवास के लिए दिये जाने वाली अनुदान की धनराशि भी बढ़ा दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि गांव में झोपड़ी वालों को पक्के कमरे बनवाने के लिए भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही इंदिरा आवास योजना का नाम बदलकर प्रधानमंत्री आवास योजना कर दिया गया है। इस योजना के लाभार्थियों को आवास के साथ-साथ गैस और बिजली के मुफ्त कनेक्शन का तोहफा भी दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि उक्त आवास योजना में पहले 70 हजार रुपये आवास के लिए, 12 हजार शौचालय के लिए और 14490 रुपये बतौर मजदूरी अनुदान के रूप में दिये जाते थे। इस तरह प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थी को 96490 रुपये कुल अनुदान मिलता था। लेकिन मंहगाई को देखते हुए अब इसमें बढ़ोत्तरी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि नये शासनादेश के मुताबिक आवास के लिए अब 1 लाख 20 हजार रुपये दिये जायेगें। हालांकि शौचालय हेतु 12 हजार रुपये का ही अनुदान पूर्ववत मिलेगा। जबकि मजदूरी भी बढ़ाकर 15660 रुपये कर दी गई है। इस तरह सरकार अब प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को 1 लाख 49 हजार 660 रुपये अनुदान देगी।







Leave a comment