कालपी-उरई। चैथे राज्य स्तरीय स्व. रामशिरोमणि मैहर एवं स्व. रामभरोसे यादव मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का गुरुवार को एमएसबी इंटर कालेज के मैदान में समारोह पूर्वक शुभारंभ किया गया। लगातार चार दिन तक चलने वाले फुटबाल के इस महासंग्राम में उदघाटन मैच में कानपुर की टीम ने झांसी की टीम को 3-1 के अंतर से हरा दिया।
बुंदेलखंड बार्डर फुटबाल क्लब कालपी के तत्वावधान में हो रहे इस आयोजन में उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने कहा कि एतिहासिक धरती कालपी का फुटबाल मैचों से काफी पुरान रिश्ता है। नौजवानों ने इस रिश्ते को नये तरीके से जीवंत करने के लिए जो पहल की है उसमें उनका पूरा सहयोग रहेगा।
समारोह के संयोजक तथा नगर पालिका परिषद कालपी के चेयरमैन प्रतिनिधि जगजीवन राम अहिरवार ने कहा कि कालपी नगरी में खेलों के विकास के लिए नगर पालिका प्रशासन आवश्यकतानुसार कदम उठायेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता ने जो सहयोग दिया है उसमें वे अपने को खरा साबित करने का हर संभव प्रयास करेगें। संचालन व्यापारी नेता जय खत्री ने किया।
इस अवसर पर डा. नरेश मैहर, विजय गांधी, ताहिर खान, पिंटी भाई, खालिद अंसारी, वसीम ताहिर खान, कमल सैनी, परवेज कुरैशी, भारत सिंह यादव आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। अब्दुल कलाम मंसूरी, बरकत अंसारी व गुडडू खान ने कमेंट्रेटर की भूमिका का निर्वाह किया। हिम्मत सिंह गौतम, कमर अहमद, हरनारायण पाल, सलीम अंसारी, नियाजुल्ला खान आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।







Leave a comment