उरई। समाधान दिवस पर रायपुर मड़ैया की अनीता को सिरसाकलार के संवेदनशील थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन के हस्तक्षेप से नारकीय उत्पीड़न से छुटकारा मिल गया।
महीने का प्रथम शनिवार होने के कारण जिले के सभी थानों पर आज समाधान दिवस का आयोजन किया गया था। सिरसाकलार में इस दौरान अनीता देवी थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन के सामने अपनी फरियाद लेकर पेश हुईं। उन्होंने जो समस्या बताई उससे जाकिर हुसैन बेहद द्रवित हुए और उन्होंने चटपट उनकी समस्या सुलझाने का निश्चय कर लिया।
दरअसल अनीता के पति मुकेश सिंह ने अपने माता-पिता के कहने से उसे बच्चों सहित घर बदर कर दिया। इसके कारण वह गांव के बाहर पांच बच्चों की परवरिश को बोझा ढोते हुए किसी सजायाफता की तरह रह रही थी। थानाध्यक्ष को अनीता के साथ उसके परिवार का यह रवैया बेहद नागवार गुजरा। उन्होंने अनीता के ससुर रमेश को बुलवाया और अनीता के साथ अमानवीयता के लिए जमकर फटकारते हुए जब जलील किया तो रमेश भी पछतावें से भर उठा और अपने लड़के व पत्नी को बुलवाकर उनके साथ अनीता को बच्चों समेत घर ले गया। पुलिस के इस सार्थक निदान को क्षेत्र के लोगों ने खूब सराहा। वैसे समाधान दिवस में आज पांच शिकायतें आईं जो कि भूमि विवाद से संबंधित थीं। इनमें से चार का मौके पर निदान करा दिया गया। थानाध्यक्ष और पुलिस के अलावा राजस्व विभाग का अमला भी इस दौरान मौजूद रहा।






Leave a comment