उरई। वैसे तो जिले भर में महीनों से राशन का चावल आटा मिलों को चोर बाजारी में बेंचा जा रहा है और उच्च प्रशासनिक अधिकारी इस पर गौर करने की बजाय अपना कमीशन लेकर कर्तव्य की इतिश्री कर रहे हैं। इस रवैये की वजह से किसी ने इस घोटाले की चर्चा करना तक बंद कर दिया था। लेकिन जालौन के उप जिलाधिकारी ने शनिवार को कोटेदारों के सामने इसे लेकर ऐसी बयानबाजी की कि उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई और लोग उनमें अवतारी जैसी आत्मा देखकर दंग रह गये।
जालौन के उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह हैं जिनकी छवि और स्वच्छ कार्य प्रणाली की चर्चा वैसे भी आम है। उन्होंने शनिवार को कुठौंद में मार्केटिंग गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान भैरपाल सिंह बोले कि उनके मुखबिर कुठौंद विकास खंड के चारों तरफ सक्रिय हैं। अगर किसी ने खाद्यान्न बांटने में कोताही बरती तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता चला है कि विकास खंड कुठौंद के ज्यादातर ठेकेदार राशन का पूरा चावल औरैया में चोर बाजार में ठिकाने लगा आते हैं। वे उन्हें आगाह कर देना चाहते हैं कि अगर उन्होंने चावल बांटने की बजाय काला बाजारी की तो सामूहिक रूप से मुकदमें लिखवाकर ऐसे सभी कोटेदारों को जेल भेजने के बाद ही सांस लूंगा।
एसडीएम के कड़े तेवर देखकर मार्केटिंग कार्यालय पर पहुंचे कोटेदार तितर-बितर हो गये। किसी की हिम्मत उनका सामना पकड़ने की नही हुई। इसके बाद उन्होंने मार्केटिंग गोदाम का स्टाक चैक किया।






Leave a comment