उरई। सोमवार को कोंच के करीब नहर के पास झाड़ियों में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बताया गया है कि मृतक एक पखवारे से अपने घर से गायब था। लेकिन घरवाले न तो उसकी मौत की वजह बता पा रहे हैं और न ही किसी पर संदेह जता रहे हैं। इस कारण छानबीन के नाम पर पुलिस को अंधेरे में तीर चलाना पड़ रहा है।

आज सुबह राहगीरों ने उरई-कोंच रोड पर नहर किनारे झाड़ियों में एक शव देखकर 100 नंबर पर सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहले शव की शिनाख्त नही हो पाई थी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचने के बाद पिछले कुछ दिनों की गुमशुदगी के आधार पर शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो कुछ देर बाद पता चला कि शव कोंच के भुजरिया चैराहा निवासी हरी सिंह कुशवाहा उर्फ ठपोले (40वर्ष) का है। बाद में पुलिस उपाधीक्षक रुक्मणि वर्मा ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मौत की वजह स्पष्ट नही है। हालांकि कुछ चश्मदीदों के मुताबिक मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं और एकआध अन्य जगह भी ऐसे ही निशान देखे गये हैं। जिससे उसकी मौत के पीछे सनसनीखेज कारण होने का अनुमान लगाया जा सकता है। हालांकि सीओ रुक्मणि वर्मा ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारण को लेकर कुछ कहा जा सकेगा।

 

 

Leave a comment