उरई। डयूटी करते समय करंट लगने से मृत लाइन मैन का शव सड़क पर रखकर सोमवार को बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों और मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। लगभग एक घंटे तक व्यस्ततम मार्ग पर इसके कारण जाम लगा रहा। बाद में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक चिरौरी की तब शव हटाकर लोगों ने जाम खोला।

चार दिन पहले जेल रोड पर संविदा विद्युत कर्मी पंकज खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। तभी अचानक सप्लाई शुरू कर दी गई। जिससे पंकज करंट की चपेट में आ गया। उसका उपचार झांसी में चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर परिजन रविवार को उसे झांसी से ग्वालियर ले जा रहे थे। इस दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

इसके बाद परिजन उसके शव को उरई लाये और कालपी रोड पर उन्होंने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनके साथ जिले भर के संविदा विद्युत कर्मी भी इकटठे थे। प्रदर्शन करते हुए वे लोग मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा देने, उसकी पत्नी को नौकरी और लापरवाह विद्युत अभियंताओं को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग कर रहे थे। लंबा जाम लगने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट एनपी पाण्डेय और पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार, बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग की ओर से मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता व मृतक की पत्नी अनुराधा को नौकरी दिलाने का प्रयास करने की घोषणा की। इसके बाद जमा समाप्त हो सका।

Leave a comment