
उरई। ओम सेवा संस्थान एवं यूथ फ्रंट गरम दल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पर आयोजित रक्तदान शिविर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की भेंट चढ़ गया।
ओम सेवा संस्थान के सुनील हिन्दुस्तानी ने बताया कि शिविर आयोजित करने के लिए पहले जब वे जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्साधीक्षक डा. एके सक्सेना से मिले थे तो उन्होंने आज की तिथि में पैथोलाजिस्ट के अवकाश पर होने की वजह से किसी और दिन शिविर आयोजित करने का मशविरा दिया था। लेकिन बाद में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अल्पना बरतारिया ने झांसी से पैथोलाजिस्ट की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया तो उन्होंने आज ही के दिन शिविर बहाल रखा। इसके बाद डा. बरतारिया ने गुरुवार को रात झांसी से संपर्क करके फिर उन्हें सूचित किया कि पैथलाजिस्ट सुबह आ जायेगें आप अपना शिविर 10-11 बजे लगा लें।
सुबह लगभग साढ़ दस बजे फीता काटकर वरिष्ठ चिकित्साधीक्षक डा. एके सक्सेना ने शिविर का शुभारंभ किया लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी पैथोलाजिस्ट झांसी से नही आये। अंततोगत्वा साढ़े तीन बजे शाम को जब शिविर समाप्त होने वाला ही था झांसी के पैथोलाजिस्ट पहुंचे जिसके कारण केवल वे और यतेंद्र सिंह दो ही लोग रक्तदान कर पाये।
सुनील हिन्दुस्तानी ने कहा कि पैथोलाजिस्ट की कमी के कारण रक्तदान के लिए जिले में जो जज्बा और जोश पैदा हुआ था वह ठंडा पड़ने लगा है। इसलिए जिम्मेदार इस पर ध्यान दें।






Leave a comment