
उरई। शुक्रवार को नगर पालिका के कार्यालय में बजरंगी अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार से भिड़ गये। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष ने तैश में ईओ को उंगली दिखाते हुए तत्काल कुसी से उठने को कहा, इस पर ईओ भी बिगड़ गये। बाद में बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी ने संयुक्त रूप से डीएम को अधिशाषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया। यह घटना आज शहर में चर्चा का विषय रही। बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं के उग्र तेवर उन्ही की पार्टी और सरकार की छवि के लिए ग्रहण बने हुए हैं। बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनुराज तिवारी के नेतृत्व में शुक्रवार को कई गौ भक्त नगर पालिका कार्यालय में अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार के चैम्बर में घुस गये। उनका कहना था कि बोहदपुरा के नजदीक एक गाय मरणासन्न हालत में पड़ी है जिसे तत्काल चलकर उठवायें। उधर उनके तेवर ऐसे थे जो अधिशाषी अधिकारी को नागवार गुजरे। उन्होंने कहा कि शहर में तीन गायें मरणासन्न पड़ी हैं पहले नगर पालिका उनको उठवायेगी फिर इसके बाद नगर के बाहर की गाय को देखा जायेगा। इसे लेकर तीखी बहस शुरू हो गई और अधिशाषी अधिकारी के साथ झूमाझटकी तक की नौबत आ गई।
घटना से नाराज मनुराज तिवारी बाद में कार्यकर्ताओं को लेकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। उन्होंने लिखित ज्ञापन में ईओ पर दुर्गा वाहिनी की महिला कार्यकर्ताओं तक से अभद्रता का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।






Leave a comment