उरई। ईटों से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर की ट्राली से स्कूली वाहन टकरा गया जिससे मैजिक में सवार छात्र-छात्राएं मामूली रुप से घायल हो गए।

रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम जगम्मनपुर हुसेपुरा के बीच आज सुबह 6 बजे ओवरलोड ईटों से भरी ट्राली में स्कूली वाहन मैजिक यूपी 78-7930 टकरा गया जिससे मैजिक में बैठे छात्र छात्रा मामूली रुप से जख्मी हो गए। ज्ञात हो की औरैया और इटावा जनपद से ईंटों को लादकर प्रतिदिन एक सैकड़ा से अधिक ट्रैक्टर जगम्मनपुर होकर गुजरते हैं इन ट्रैक्टरों में 4 से 5 हजार ईंटें लदी होती हैं जो ट्रैक्टर की क्षमता से कई गुना अधिक होती हैं। ट्रालियों को खींचते समय ट्रैक्टर का अगला हिस्सा सड़क पर नागिन की तरह बल खाता हुआ सड़क से एक दो फुट ऊंचा उठा हुआ चलता है। यह ओवरलोड ट्रैक्टर कई बार आबादी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। दुकानों एवं मकानों के ऊपर यह ट्रालियां ईटों सहित पलट गई जिसमें मामूली नुकसान होते रहे। इन ट्रेक्टरों ने ग्राम जगम्मनपुर की बस्ती के अंदर पड़ी सीसी रोड एवं नालियों को ध्वस्त कर दिया है। आज रात एक बजे यह ट्रैक्टर जगम्मनपुर के किनारे हुसेपुरा खार के पास पंडित श्रवण कुमार द्विवेदी इंटर कॉलेज के सामने से गुजर रहे थे कि ट्रेक्टर से ट्राली को जोड़ने वाला हिस्सा ट्राली से अलग हो गया और वह ट्राली बीच रास्ते में फस गई इसी बीच एक अन्य ट्रैक्टर जो इसी के साथ था वह भी किनारे से निकलने के प्रयास में फस गया जिसके कारण पूरा रास्ता  अवरुद्ध हो गया। सुबह 6 बजे उक्त स्कूली वाहन के चालक जसवंत सिंह सेंगर लिटावली निवासी हुसेपुरा से आर एम डी कॉन्वेंट मकटौरा के छात्रों को बिठा कर जगम्मनपुर की ओर आ रहे थे निकलने के लिए जगह ना देख वह एक अन्य किनारे से निकलने का प्रयास करने लगे जिससे मैजिक फिसल कर ट्रैक्टर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पाकर ग्राम जगम्मनपुर हुसैपुरा हमीरपुरा के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और ओवरलोड ट्रैक्टर निकलने पर अपना विरोध प्रदर्शन करने लगे। गौरतलब है कि इस संबंध में कई बार

उच्चाधिकारियों को हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र देकर ओवरलोड ट्रैक्टरों को जगम्मनपुर से निकलने पर रोक लगाने की मांग की गई लेकिन अधिकारियों की बदनियती ट्रैक्टरों को धड़ाधड़ निकलने दे रही है जब ज्यादा दबाव पड़ता है तबखानापूर्ति करते हुए 4-6 ट्रैक्टरों पर जुर्माना करके अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली जाती है। आज सुबह भी जब सूचना पाकर डायल 100 की दौनो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची तो उसमें बैठे सिपाहियों ने मामले को रफा दफा करवाते हुए ट्रैक्टर चालक मदन सिंह निवासी मीगनी थाना माधौगढ़ से मैजिक चालक को रुपया 4500 दिलवाकर ट्रैक्टरों को जाने की इजाजत दे कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली । ग्रामीणों का मानना है यह ट्रैक्टर उस दिन निकलना बंद होंगे जब जगम्मनपुर हुसेपुरा हमीरपुरा गांव में कोई बड़ा हादसा होगा जिसमें जनहानि संभव है शायद प्रशासन को इसी प्रकार के हादसे का इंतजार है।

 

 

 

Leave a comment