- मारुति वैन की कहानी लग रही है हवा हवाई
कोंच-उरई । बहुचर्चित लालसिंह हत्याकांड को लेकर कोतवाली पुलिस शायद किसी नतीजे पर पहुंच गई है लेकिन उसने अभी इसका खुलासा नहीं किया है। समझा जा रहा है कि कल सोमवार को इसका खुलासा हो सकता है। पुलिस ने हालांकि अभी तक इस मामले में मीडिया को कुछ भी नहीं बताया है लेकिन समझा जा रहा है कि इस मामले में पहले से ही पुलिस हिरासत में बैठे दो आरोपियों में से एक की संलिप्तता हो सकती है। इस प्रकरण में शुरू से ही एक मारुति वैन का जिक्र चल रहा है लेकिन ऐसा लगता है जैसे पुलिस को घुमाने के लिये मारुति वैन की कहानी गढी गई है।
गौरतलब है कि गुजरी तीन जनवरी को किसान लालसिंह पटेल पुत्र शंभूदयाल निवासी ग्राम वरोदा कलां थाना कैलिया कोंच के बाजार में हरी मटर की फली बेचने आया था और अचानक ही लापता हो गया था जिसकी लाश बुधवार को कोंच कोतवाली क्षेत्र के चमड़ा ठाकुरपुर मौजे के एक खेत में बने कुंये में उतराती मिली थी। गुरुवार को एसपी अमरेन्द्रप्रसाद सिंह और एएसपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने घटन स्थल पर बारीकी से निरीक्षण किया था और शुक्रवार को भी एएसपी यहां आये थे जिन्होंने घटना स्थल और मृतक के गांव जाकर तमाम लोगों से पूछताछ की थी। इसके बाद आला अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिये गये मृतक के साझेदार गजराज जो उस दिन लालसिंह के साथ ही कोंच आया था, पर पूछताछ का दबाव बढा दिया जिसके चलते पुलिस को हत्याकांड से जुड़े कई अहम् सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने अभी मीडिया से कुछ भी शेयर करने से परहेज बरता है लेकिन उसके हाव भाव बता रहे हैं कि वह इस घटना का खुलासा करने के बिल्कुल निकट है और बहुत संभव है कि कल सोमवार को ही वह हत्या की परतें खोल कर मामले का पटाक्षेप कर दे। इस मामले में जिस सफेद मारुति वैन का जिक्र शुरू से किया जा रहा है वह हवा हवाई लग रहा है और पुलिस को भ्रमित करने के लिये इस कहानी को गढा गया समझा जा रहा है।







Leave a comment