उरई। बसपाइयों ने पार्टी सुप्रीमों मायावती का 62वां जन्मदिन जेल रोड स्थित ईशा बैक्वेंट हाल में धूमधाम से मनाया। इसके लिए जिले भर से दर्जनों चार पहिया वाहनों में सैकड़ों कार्यकर्ता जमा हुए थे।

सोमवार को मायावती के जन्मदिन के बहाने बसपाइयों ने जिले में अपने जनाधार का जोरदार प्रदर्शन करने की चेष्टा की। स्थानीय निकाय चुनाव में जिले में दलित मुस्लिम गोलबंदी के मजबूती से उभरने के बाद बसपाइयों के हौसले बुलंद हैं। जन्मदिन समारोह में इसकी झलक साफ देखी गई।

 

 

 

इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के मंडल कार्डिनेटर विजय कुशवाहा उपस्थित थे। उन्होंने पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि, पूर्व कैबिनेट मंत्री चैनसुख भारती और अकबर अली, पूर्व जिलाध्यक्ष मूलशरण कुशवाहा, जिला महासचिव उदयवीर दोहरे, कमाल अहमद, बृजकिशोर, अलताफ भाई, रामशरण जाटव, जगजीवन अहिरवार कालपी आदि वरिष्ठ नेताओं के साथ केक काटकर एक-दूसरे खिलाया। इस दौरान बहनजी जिंदाबाद, बसपा जिंदाबाद, बाबा साहब अंबेडकर अमर रहें, मान्यवर कांशीराम अमर रहें आदि नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।

बाद में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी ने पत्रकारों से कहा कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक फिजा बदल चुकी है। लोग बहनजी के शासन के फिर से आने के तलबगार हो चुके हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जनहित का कोई कार्य न करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र व प्रदेश की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बसपा के कार्यकर्ता सड़कों पर संघर्ष करेगें।

Leave a comment