उरई। चुर्खी रोड पर सवारियों से ओवरलोड जेएसए (टैंपो) और मारुति ओमिनी वैन में आमने-सामने टक्कर हो गई। जिससे कई सवारियां घायल हो गईं। जेएसए के ड्राइवर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सवारी साधनों की कमी की वजह से जोखिम को नजरअंदाज कर टैंपो चुर्खी रोड पर दूर-दूर से यात्रियों को ढोने में लगे हैं। जिसके कारण आये दिन हादसे होते हैं। सवारियों से ओवरलोड टैंपो परिवहन कार्यालय के सामने से ही गुजरते रहते हैं लेकिन फिर भी एआरटीओ को नोटों की पटटी आंख में बंध जाने की वजह से नजर नही आते।
मंगलवार को इसी के चलते ग्राम ककहरा के पास ज्यादा सवारियां होने के कारण ड्राइवर के संतुलन न साध पाने से टैंपो सामने ओ रही आमिनी से भिड़ गया। हादसे के बाद ओमिनी का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग निकला जबकि टैंपों ड्राइवर अभेदेपुर निवासी आलोक प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो जाने की वजह से लस्तपस्त पड़ गया। वीरवती, माया देवी आदि कई और सवारियां घायल हो गई।
राहगीरों ने मदद के लिए पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। डायल-100 की जीप तो कुछ ही देर में आ गई लेकिन काफी इंतजार के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस ने आ पाने की जहमत नही उठाई। बाद में घायल ड्राइवर को पुलिस ने अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया।

Leave a comment