उरई। जालौन ब्लाक के चर्चित खंड विकास अधिकारी विनोद गौतम के खिलाफ लगाये जा रहे गंभीर आरोपों की जांच के लिए आखिर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गठित की गई इस कमेटी में जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत प्रसाद पटेल और जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र शामिल किये गये हैं। यह कमेटी जालौन के खंड शिक्षा कार्यालय में 24 जनवरी को प्रातः 11 बजे से प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों के साक्ष्य दर्ज करेगी और अभिलेखों का परीक्षण करेगी। इससे बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
इसी बीच राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने आरोप लगाया है कि खंड शिक्षाधिकारी विनोद गौतम शिक्षकों को यह कहकर धमका रहे हैं कि जांच औपचारिकता है इसलिए वे उनके खिलाफ कोई साक्ष्य उपलब्ध कराने की हिमाकत न करें अन्यथा उन्हें गंभीर नुकसान झेलना पड़ेगा। इसे लेकर महासंघ की जिला इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत के आवास पर आपात कालीन बैठक जिला संरक्षक प्रकाश नारायण पाठक की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसका संचालन संघर्ष समिति के अध्यक्ष इलियास मंसूरी ने किया। जिलाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने इसमें कहा कि पीड़ित शिक्षक बेहिचक उपलब्ध साक्ष्य 24 जनवरी को जांच समिति के समक्ष प्रस्तुत करें महासंघ उनके साथ है जिससे उन्हें किसी प्रकार की क्षति की आशंका मन में नही रखनी चाहिए।

Leave a comment