कार्यवाही कर बबालियों को कड़ा संदेश देने के मूड में पुलिस
दोनों पक्षों के चौदह नामजद तथा दस अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला
कोंच-उरई । भुंजरया इलाके में 14 जनवरी की देर शाम दो पक्षों में हुये विवाद और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बबालियों को कड़ा संदेश देने का मन बना लिया है। कल देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों के दो दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की क्रॉस एफआईआर दर्ज कर उनके समझौता करने की दोनों पक्षों की मंशा पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। एक पक्ष से दस नामजद तथा दूसरे पक्ष से चार नामजद व दस अज्ञात लोगों के विरुद्घ मुकदमा लिखा गया है। पुलिस की एक टुकड़ी अभी भी बबाल बाले स्थान पर चौकसी बरत रही है।
गुजरी 14 जनवारी की देर शाम मोहल्ला प्रतापनगर के भुंजरया इलाके में दो पक्षों में जमकर बबाल और मारपीट हुई थी और दहशत फैलाने की गरज से हवा में गोलियां दागी गईं थीं जिससे इलाके में भगदड़ मच गई थी और लोग घरों में दुबक गये थे। इस झगड़े में हुई मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हुये थे। एक पक्ष ने रात में ही कोतवाली में तहरीर दे दी थी जबकि दूसरे पक्ष ने कल तहरीर दी थी। दोनों तहरीरों के आधार पर हत्या के प्रयास की क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। एक पक्ष के वादी हनीफ पुत्र जुम्मन ने इन्नू कुशवाहा पुत्र मजीते, रामपाल, रोहित बेहरे, नीलू रेजा व दस अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 452, 323, 504, 506 तथा दूसरे पक्ष से लक्ष्मी पत्नी मजीते कुशवाहा ने हनीफ, उसके पुत्रों अजीम व चमन, पप्पू, आसिफ, डग्गा, नसरू, हौवा, शाहिद तथा हनीफ उर्फ टेढे के विरुद्घ भादंवि की धारा 307, 147, 148, 149, 452, 323, 524 में मुकदमा दर्ज कराया है। इस क्रॉस एफआईआर को देखते हुये यह समझना मुश्किल नहीं है कि पुलिस इस तरह की दहशतगर्दी झेलने के कतई मूड में नहीं है और बबालियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का मन बना चुकी है ताकि कस्बे की शांति व्यवस्था बनी रहे। कोंच आये अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने भी आज कहा कि शांति भंग करने बालों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा। गौरतलब यह भी है कि पुलिस कार्यवाही से बचने के लिये कल दोनों पक्षों ने आपस में बैठकर समझौता भी कर लिया था और इससे अवगत कराने के लिये दोनों पक्ष कोतवाली भी गये थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरंग लौटा दिया था।







Leave a comment