उरई। दहेज की बलिवेदी पर एक और नवविवाहिता भेंट चढ़ गई। उसका शव फांसी पर लटका पाया गया।

रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हुसेपुरा जागीर निवासी करन सिंह उर्फ कल्लू पुत्र लालता दोहरे का विवाह औरैया जिले के ग्राम तुर्कीपुर के निवासी छोटे कारपेंटर की पुत्री रंजना से 2016 में हुआ था। मृतका के परिजनों के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी की सुख-सुविधा के लिए सभी प्रकार के सामान के साथ क्षमतानुसार नगद भी वर पक्ष को दी थी। इसके बावजूद दहेज पिपासु कल्लू रंजना को मायके से और रुपया मंगवाने के लिए उत्पीड़ित करता रहा। उसने कई बार रंजना से फोन करवाये और उसके साथ मारपीट भी की। एक बार तो उसने रंजना को घर से भी बाहर निकाल दिया था। लेकिन पंचायत लगने पर उसे वापस रंजना को घर रखना पड़ा।

 

 

बुधवार को सुबह कल्लू ने फिर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज का क्रम दोहराया और घर से बाहर निकल गया। उधर रोज-रोज की प्रताड़ना एवं अपमान से दुखी रंजना इसके बाद दोपहर में फांसी पर झूल गई। जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि रंजना के चचेरे भाई योगेश का कहना है कि उसकी बहन ने आत्महत्या नही कि बल्कि हत्याकर उसका शव फांसी पर लटकाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद रामपुरा के थानाध्यक्ष लखन सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर शव अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

Leave a comment