उरई। बसंत पंचमी सोमवार को शहर में धूमधाम और गरिमा के साथ मनाई गई। विद्या की देवी सरस्वती का पर्व होने के उपलक्ष्य में बसंत पंचमी पर विद्यालयों में विशेष आयोजन हुए। जिनमें कलम पूजन किया गया। झांसी रोड पर डीवी डिग्री कालेज के पुस्तकालय के सामने वाली गली में नरसिंह मंदिर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आज से बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय मेला सजाया गया।

आज नरसिंह मंदिर का भव्य श्रंगार किया गया था। व्यवस्थापक विभूति विक्रम वेद के निर्देशन में पुजारी अभय कुमार मिश्रा ने मंदिर में महाआरती की जिसमें संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूर्जा-अर्चना की।

मंदिर के पास स्थित कोचिंग सेंटर के व्यवस्थापक संतोष पाठक ने पहले अपने संस्थान में सरस्वती पूजन कराया। इसके बाद छात्रों के साथ नरसिंह मंदिर में महाआरती में शामिल हुए। महाआरती में शामिल छात्र/छात्राओं में काजल त्रिपाठी, विभा राजपूत, नेहा सिंह, रेनू परिहार, अंकिता गौतम, काजल शर्मा आदि छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना भी की।

संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डा. जग प्रसाद चतुर्वेदी, रवि शुक्ला, मोहित चतुर्वेदी, तरुण गौतम, वैभव त्रिपाठी, करुणा शंकर, अंकित दीक्षित, कमलेश द्विवेदी, कृपा शंकर, रवि शंकर द्विवेदी, शरद शर्मा, श्रीचंद शर्मा, मोहन गर्ग और दीपक आदि भी उपस्थित रहे।

Leave a comment