उरई। स्कूल से घर लौटते समय एक दिन पहले गायब हुई 7 वर्षीय बालिका का शव मंगलवार को बरामद हुआ है। बालिका की गला घोटकर हत्या की गई है। परिजनों ने मोहल्ले की ही पांच लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस ने इनमें से दो को हिरासत में ले लिया है।

नया रामनगर निवासी जजी में कर्मचारी उमेश चंद्र दीक्षित की पुत्री शालिनी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है। सोमवार को दोपहर में स्कूल में छुटटी होने के बाद वह घर के लिए निकल गई। लेकिन शाम तक वह घर नही पहुंची जिससे परिजन बेचैन हो गये। उन्होंने स्कूल में संपर्क किया तो उन्हें उसके स्कूल से बाहर जाते सीसीटीवी फुटेज दिखा दिये गये। इसके बाद परिजन रात भर उसे तलाशते रहे। लेकिन उसका कोई पता नही चला।

मंगलवार को हाइवे के किनारे मिनौरा के पास झाड़ियों में शव पड़ा देखकर एक राहगीर ने प्रधान को खबर की। जिस पर प्रधान ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और सलोनी के परिजनों को बुला लिया। उन्होंने शव पहचान लिया जिसके बाद पुष्टि हो गई कि लापता बालिका की मौत हो चुकी है। शव देखकर प्रतीत हो रहा था कि बालिका की ही  टाई से गला घोटकर उसकी हत्या की गई है। यह काम किसने और क्यों अंजाम दिया इसकी गुत्थी नही सुलझ पा रही। हालांकि परिजनों ने मोहल्ले के ही पांच लोगों का नाम संदेह में लिया है। उमेश चंद्र दीक्षित के मुताबिक ये लोग उनसे रंजिश मानते हैं और उनकी भी हत्या का प्रयास एक बार कर चुके हैं। पुलिस ने इनमें से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ शुरू कर दी है। जजी के कर्मचारी की बालिका का मामला होने से पुलिस के लिए सांसत की स्थिति बनी हुई है।

Leave a comment