उरई। कालपी तहसील के दमरास गांव में मंगलवार को ग्राम समाज की जमीन पर से कब्जा हटाये जाने के अभियान के कारण दिन भर गहमा-गहमी का माहौल रहा।

सरकार ने माफियाओं से कब्जा की हुई संपत्ति मुक्त कराने का वायदा विधानसभा चुनाव के दौरान किया था। जिससे लोग भुलावे में थे कि शहरों में करोड़ों रुपये की जमीन जगह-जगह हथियाकर अरबपति, खरबपति बने दबंगों को नई सरकार नानी याद दिला देगी लेकिन यह छलावा साबित हुआ।

झांसा देने के लिए प्रदेश की सरकार गांवों में पिददी न पिददी का शोरबा समझे जाने वाले छुटभइयों के मामूली कब्जे हटवा रही है। जिसके तहत दमरास में भी आज अभियान चलाया गया।

इसमें कानूनगो अशोक कुमार शुक्ला के साथ क्षेत्रीय लेखपाल रमेश चंद्र पचैरी, कल्लू प्रसाद, गया प्रसाद बाथम और विजय शंकर ने पूरे गांव में घुमकर देखा। जहां लोग कब्जे की नीयत से घूरा डलवा रहे थे वहां सफाई कराई। इसी तरह ग्राम समाज की जमीन पर उपले पाथ कर अधिकार जमाने वाले लोगों की भी खबर ली गई। उनके उपले भरवाकर एक किनारे कर दिये गये। अभियान के दौरान गांव में जबर्दस्त हलचल रही। सरकारी अमले के पीछे भारी भीड़ कौतूहल से उनकी कार्रवाईयां देखती रही।

Leave a comment