उरई। कालपी क्षेत्र में अन्ना गायों को खदेड़ने को लेकर पड़ोसी गांव के ग्रामीणों में हुई फायरिंग में घायल युवक की बुधवार को मौत हो गई।
कालपी क्षेत्र में मंगलवार को अन्ना जानवरों को हांकने को लेकर धमना और लमसर के ग्रामीणों में विवाद हो गया था। कहासुनी के बीच उनमें पहले मारपीट हुई फिर अचानक फायरिंग होने लगी जिसकी चपेट में आकर लमसर का अनुपम यादव (22वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके साथ ही सुधीर यादव और जसवंत को भी छर्रे लग गये थे। अनुपम को चिंताजनक हालत में कल रात जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसने आज दम तोड़ दिया।
घटना को लेकर अनुपम के पिता माधव सिंह ने धमना के कृपाराम, रामशरण, रामस्वरूप, वीरसिंह, बाबू सिंह, रमेश, सुंदर कोटेदार तथा रामपाल के खिलाफ लाइसेंसी और अवैध असलहों से जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर अनुपम की हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया है। कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






Leave a comment